October 13, 2026
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

मोहर्रम को लेकर चकमेसी पंचायत भवन में शांति समिति की बैठक, भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील

जिला संवाददाता : मोहम्मद जुबैर
चकमेसी/कल्याणपुर, समस्तीपुर

समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड अंतर्गत चकमेसी पंचायत भवन में आगामी 26 जून को मनाए जाने वाले मोहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) देवेंद्र कुमार ने की। वहीं चकमेसी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहनी सहित पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, युवा एवं गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में मनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। बीडीओ देवेंद्र कुमार ने कहा कि मोहर्रम आपसी प्रेम, भाईचारे और त्याग का संदेश देने वाला पर्व है। सभी लोग प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं।

थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहनी ने कहा कि किसी भी प्रकार से शांति व्यवस्था भंग करने वाले या कानून हाथ में लेने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि मोहर्रम जुलूस के लिए निर्धारित समय और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा सभी कमेटियों को नियमों का पालन करना होगा।

बैठक के दौरान कुछ लोगों ने अन्य आयोजनों में डीजे के प्रयोग का मुद्दा उठाया, जिस पर थानाध्यक्ष ने कहा कि मोहर्रम धार्मिक आस्था, अनुशासन और हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद का पर्व है। इस पर्व की परंपराओं का सम्मान करते हुए इसे शांतिपूर्ण और मर्यादित तरीके से मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों में छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद की घटनाएं सामने आती रही हैं, इसलिए इस बार प्रशासन पूरी तरह सतर्क और चौकस है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

बैठक में युवा नेता जकी अहमद आरजू, राम बाबू महतो,पंचायत समिति पति नजरुल इस्लाम, मोहम्मद मुबारक, मोहम्मद अलाबुल, मोहम्मद मुजीब शेख, मोहम्मद शमी सेठ, मोहम्मद खुर्शीद सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्रशासन ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के सभी लोग आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *