|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
मोहर्रम को लेकर चकमेहसी थाना पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
मोहम्मद जुबैर
समस्तीपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर चकमेहसी थाना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कल्याणपुर प्रखंड के चकमेहसी थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों एवं संवेदनशील इलाकों में गुरुवार को पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया।
चकमेहसी थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहनी के नेतृत्व में दर्जनों पुलिसकर्मियों ने दलबल के साथ क्षेत्र के विभिन्न गांवों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर मार्च किया। इस दौरान लोगों से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 26 जून को मनाए जाने वाले दसवीं मोहर्रम के अवसर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जुलूस मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि फ्लैग मार्च से लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना है। बताया जा रहा है कि चकमेहसी थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहनी का यह पहला मोहर्रम है और उनके नेतृत्व में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
प्रशासन ने सभी समुदायों के लोगों से आपसी सौहार्द, भाईचारा एवं शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की है। पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

