समस्तीपुर | हर घर की आवाज़ | जिला संवाददाता: मोहम्मद ज़ुबैर
समस्तीपुर सदर अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय सभाकक्ष में शहर की यातायात व्यवस्था एवं ओवरब्रिज पर चल रहे मरम्मत कार्य को लेकर निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का उद्देश्य ओवरब्रिज मरम्मत के दौरान उत्पन्न होने वाली अस्थायी यातायात समस्याओं का प्रभावी समाधान करना, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को असुविधा से बचाना तथा स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना था।
एसडीओ दिलीप कुमार ने सभी विद्यालयों से अपील की कि वे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को वैकल्पिक मार्ग, विद्यालय के समय तथा यातायात संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि मरम्मत कार्य के दौरान भी शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
बैठक में विद्यालय वाहनों के संचालन, विद्यार्थियों की सुरक्षा, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन तथा प्रशासन और विद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। सभी प्रधानाध्यापकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
एसडीओ ने कहा कि जनसहयोग और प्रशासनिक समन्वय से इस अस्थायी चुनौती का सफलतापूर्वक समाधान किया जाएगा तथा आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी

