July 14, 2026
img_com_2026070818162461533578367953622848529
Spread the love

समस्तीपुर | हर घर की आवाज़ | विशेष रिपोर्ट


नामापुर में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, पोस्टमार्टम के बाद प्रभात चौधरी का शव गांव पहुंचा, घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात


समस्तीपुर। चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर पंचायत के वार्ड संख्या-6 में मंगलवार देर रात हुए दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक प्रभात चौधरी का शव उनके पैतृक गांव निमाचक (बेलसंडी पंचायत) पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, इस गोलीबारी में प्रभात चौधरी और उनके साथी रान्नी उर्फ सनी कुमार की मौत हुई। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी वर्चस्व और पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हत्या के वास्तविक कारण और इसमें शामिल आरोपियों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
समस्तीपुर पुलिस ने बताया कि मृतक प्रभात चौधरी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है तथा उनके विरुद्ध विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना का संबंध किसी पुरानी दुश्मनी या आपराधिक विवाद से है या नहीं।
घटनास्थल से पुलिस ने खोखे तथा एक देसी कट्टा बरामद किया है। मामले की जांच के लिए एफएसएल, डीआईयू और एसआईटी की टीम गठित की गई है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (मिथिला क्षेत्र), पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर एवं अन्य वरीय अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
एहतियात के तौर पर जिस स्थान पर गोलीबारी की घटना हुई, वहां पुलिस बल की तैनाती की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की वैज्ञानिक एवं तकनीकी तरीके से जांच कर रही है और आधिकारिक खुलासे का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *