|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
सदर अस्पताल में मिडवाइफरी IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड पर ऑनलाइन प्रशिक्षण शुरू
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने किया शुभारंभ, मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल तकनीक से सशक्त बनाने पर जोर
समस्तीपुर, जिला संवाददाता मोहम्मद जुबेर।
समस्तीपुर के सदर अस्पताल में गुरुवार को मिडवाइफरी सेवाओं को तकनीक आधारित एवं अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मिडवाइफरी IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड पर ऑनलाइन हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता का विकास करना तथा मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
डिजिटल तकनीक से स्वास्थ्य सेवाओं में आएगी पारदर्शिता : जिलाधिकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों का व्यवहारिक उपयोग करते हुए IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड पर नियमित, सटीक और समय पर डेटा अपलोड करें, ताकि मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रभावी निगरानी एवं मूल्यांकन सुनिश्चित किया जा सके।
डैशबोर्ड संचालन से लेकर ऑनलाइन मॉनिटरिंग तक की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को मिडवाइफरी IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड के संचालन, डेटा प्रविष्टि, रिपोर्ट तैयार करने, ऑनलाइन मॉनिटरिंग तथा विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने लाइव डेमो के माध्यम से डैशबोर्ड के प्रत्येक मॉड्यूल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया, जिससे स्वास्थ्यकर्मियों को प्रणाली के प्रभावी उपयोग की जानकारी प्राप्त हुई।
बेहतर निगरानी में मिलेगी मदद : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि मिडवाइफरी IEC रिपोर्टिंग डैशबोर्ड के माध्यम से स्वास्थ्य संस्थानों में दी जा रही मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी पहले से अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मियों ने लिया भाग
प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग पदाधिकारी, मिडवाइफ, एएनएम, जीएनएम सहित बड़ी संख्या में संबंधित स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया गया, जिससे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।

