Oplus_131072
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
कल्याणपुर प्रखंड में एमओ की मनमानी नहीं चलेगी : जकी अहमद आरजू
जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे राजद अकलियत के राष्ट्रीय सचिव

कल्याणपुर/समस्तीपुर: राष्ट्रीय जनता दल अकलियत प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव जकी अहमद आरजू ने कल्याणपुर प्रखंड के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी पर मनमानी करने और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कल्याणपुर प्रखंड में अधिकारियों की मनमानी नहीं चलेगी। यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य नहीं हुआ तो इसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
जकी अहमद आरजू ने आरोप लगाया कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नियमित रूप से कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहते हैं, जिसके कारण आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जन वितरण प्रणाली के कई विक्रेता भी अधिकारी की कार्यशैली से परेशान हैं।
राजद नेता ने कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और जनप्रतिनिधियों के साथ भी सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारी से सरकार की गाइडलाइन के अनुसार कार्य करने तथा आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करने की मांग की।
जकी अहमद आरजू ने कहा कि अगर शिकायतों का समाधान नहीं हुआ तो मामले को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार पदाधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
नोट: समाचार में लगाए गए आरोप राजद अकलियत प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव जकी अहमद आरजू के बयान पर आधारित हैं। संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है।
