August 28, 2026
img_com_2026082616062693418161930541932598732
Spread the love

जुलूस-ए-मोहम्मदी में गूंजा भाईचारे और अमन का पैगाम

समस्तीपुर से कल्याणपुर तक अकीदतमंदों ने उत्साह के साथ मनाया जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी, धर्मगुरुओं ने दिया शांति और आपसी मोहब्बत का संदेश

समस्तीपुर। मोहम्मद ज़ुबैर

पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की पैदाइश की याद में बुधवार, 26 अगस्त 2026 को 12 रबीउल अव्वल के अवसर पर जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समस्तीपुर शहर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लेकर अपने नबी के प्रति अपनी मोहब्बत और अकीदत का इजहार किया। जुलूस के दौरान लोगों ने भाईचारे, आपसी मोहब्बत, अमन और शांति का संदेश दिया। समस्तीपुर में निकला जुलूस विभिन्न चौक-चौराहों और गांवों से होकर गुजरा तथा मगरदही क्षेत्र में पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान अशरफी एवं अल-जामिअतुल हाशमिया के मुफ्ती गुलाम अहमद साहब सहित कई धर्मगुरुओं ने लोगों को संबोधित करते हुए पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की शिक्षाओं को अपनी जिंदगी में अपनाने की अपील की। वहीं कल्याणपुर प्रखंड में भी जुलूस-ए-मोहम्मदी निकालकर लोगों को अमन और भाईचारे का पैगाम दिया गया। चकमेहसी पंचायत के वार्ड संख्या-3 में मौलाना मसूद राजा साहब, हाफिज अजमल, हाफिज अरशद, सहित स्थानीय धर्मगुरुओं की मौजूदगी और नेतृत्व में जुलूस निकाला गया। इस दौरान मौलाना मसूद राजा ने कहा कि जुलूस-ए-मोहम्मदी निकालने का उद्देश्य किसी को परेशानी देना या हुड़दंग करना नहीं है, बल्कि यह पैगंबर-ए-इस्लाम की शिक्षाओं को याद करने और उन्हें अपनी जिंदगी में उतारने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पैगंबर मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने इंसानियत, भाईचारे, पड़ोसियों का ख्याल रखने, आपसी मोहब्बत और शांति का संदेश दिया है। इसलिए जुलूस में शामिल हर व्यक्ति को इन शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर कई स्थानों पर लोगों ने जरूरतमंदों के बीच भोजन और अन्य सामग्री का वितरण भी किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *