|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दो युवकों की मौत
विभूतिपुर के सिंघिया चौक के पास देर रात हुआ दर्दनाक हादसा, एक युवक गंभीर रूप से घायल; इलाके में पसरा मातम
जिला संवाददाता : मोहम्मद जुबैर
समस्तीपुर।
समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघिया चौक के निकट शनिवार की देर रात तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
मृतकों की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के एकडारा गांव निवासी होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गौतम कुमार तथा भरपुर गांव निवासी 22 वर्षीय कुणाल कुमार के रूप में हुई है। कुणाल दलसिंहसराय के प्रखंड कार्यालय रोड स्थित एक निजी लैब में लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत था।
लैब बंद कर घर लौट रहा था कुणाल
परिजनों के अनुसार, शनिवार की रात कुणाल लैब बंद करने के बाद डॉ. गौतम कुमार और एक अन्य युवक के साथ बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सिंघिया चौक के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
20 वर्षों से क्लिनिक चला रहे थे डॉ. गौतम
हादसे में जान गंवाने वाले डॉ. गौतम कुमार पिछले करीब 20 वर्षों से पंचवटी चौक पर होम्योपैथिक क्लिनिक चला रहे थे। लंबे समय से क्षेत्र के लोगों को चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के कारण स्थानीय लोगों के बीच उनकी अच्छी पहचान थी।
डॉ. गौतम की अचानक सड़क हादसे में मौत की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, कुणाल की मौत से उसके परिवार और परिचितों में भी मातम पसरा है।
ट्रक और बाइक जब्त, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही विभूतिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक तथा बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया।
विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवक घायल है। पुलिस द्वारा मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
तेज रफ्तार ने फिर बुझाए दो घरों के चिराग
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात हुई इस दुर्घटना में दो परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण और यातायात नियमों के सख्ती से पालन की जरूरत जताई है।

