July 14, 2026
beo8580121369712653829
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

संवाददाता : मोहम्मद जुबैर
चकमेसी/कल्याणपुर, समस्तीपुर

समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड अंतर्गत चकमेसी पंचायत के विद्यालयों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनियमितताओं की शिकायतों के बाद अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के आदेश पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) कल्याणपुर जांच के लिए चकमेसी पहुंचे। जांच के दौरान विद्यालयों की व्यवस्था, पठन-पाठन, नामांकन, शिक्षकों की उपस्थिति तथा विकास योजनाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान चकमेसी बाजार स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर बीईओ ने नाराजगी जताते हुए मामले को जांच रिपोर्ट में शामिल किया। उन्होंने विद्यालय में मौजूद शिक्षकों से शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र उपस्थिति और विद्यालय संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

स्थानीय लोगों ने बीईओ को बताया कि कक्षा 1 से 8 तक संचालित विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक सहित मात्र सात शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि विद्यार्थियों की संख्या काफी अधिक है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और अतिरिक्त शिक्षकों की आवश्यकता है।

जांच के दौरान ग्रामीणों ने कक्षा 9 से 12 तक संचालित उच्च माध्यमिक विद्यालय की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। लोगों का आरोप था कि प्रधानाध्यापक पठन-पाठन में पर्याप्त रुचि नहीं लेती हैं तथा कई बार उपस्थिति दर्ज कराने के बाद कार्यालय कार्य का हवाला देकर विद्यालय से चली जाती हैं। इससे शैक्षणिक गतिविधियों पर असर पड़ता है।

ग्रामीणों ने विद्यालय विकास मद की राशि के खर्च में अनियमितता की आशंका भी जताई। कुछ लोगों ने संकुल स्तर की राशि के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए। साथ ही यह शिकायत भी सामने आई कि विद्यालय के शिक्षकों और प्रधानाध्यापक के बीच अक्सर मतभेद बना रहता है, जिसका असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है।

बीईओ ने जांच के दौरान एक अन्य महत्वपूर्ण मामले पर भी ध्यान दिया। उन्होंने बताया कि चकमेसी पंचायत में कुल सात विद्यालय संचालित हैं। इनमें वार्ड संख्या-10 स्थित धरमपुर-1 विद्यालय प्रशासनिक रूप से जितवरिया पंचायत के संकुल से संचालित हो रहा है, जबकि यह विद्यालय चकमेसी पंचायत के अंतर्गत स्थित है। ग्रामीणों ने मांग की कि विद्यालय को चकमेसी संकुल से ही संचालित किया जाए। इस संबंध में भी जांच कर रिपोर्ट तैयार की गई है।

गौरतलब है कि हाल ही में नामांकन संबंधी शिकायतों को लेकर कई छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शिकायत की थी। इसके बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा और एसडीओ के निर्देश पर बीईओ को जांच के लिए भेजा गया।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि जांच में प्राप्त तथ्यों और शिकायतों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को समय पर विद्यालय संचालन, अनुशासन बनाए रखने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर सुधार नहीं हुआ तो संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

बीईओ के निरीक्षण के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि विद्यालयों में व्याप्त समस्याओं का समाधान होगा और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *