|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
चकमेसी थाना परिसर में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, ग्रामीणों को दिया गया सुरक्षा का भरोसा
थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, कहा—थाना जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए है, किसी को डरने की जरूरत नहीं
जिला संवाददाता : मोहम्मद जुबैर


समस्तीपुर/कल्याणपुर, 16 अगस्त। कल्याणपुर प्रखंड के चकमेसी थाना परिसर में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए चकमेसी थानाध्यक्ष ने सभी ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और कहा कि थाना आम लोगों की सुरक्षा और सेवा के लिए है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि किसी भी समस्या को लेकर थाने में आने से डरने की जरूरत नहीं है। यदि थाना क्षेत्र में किसी प्रकार की परेशानी या गलत गतिविधि होती है तो लोग बेझिझक पुलिस को इसकी जानकारी दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर थाना परिसर में उपस्थित ग्रामीणों एवं बच्चों के बीच मिठाई का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और सैकड़ों की संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
