ताजपुर गोलीकांड में वांछित अभियुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार
समस्तीपुर। ताजपुर थाना क्षेत्र में हुए गणेश सहनी हत्याकांड में समस्तीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त राजीव सहनी को घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 8 फरवरी 2026 को ताजपुर थाना क्षेत्र के हरपुर भिड़ी स्थित दर्जनिया पुल के पास आदर्श कुमार उर्फ गणेश सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के भाई रामदिनेश सहनी के आवेदन पर ताजपुर थाना में कांड संख्या 29/2026 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (सदर-1) संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पहले अंकित कुमार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार उसने राजीव सहनी को दे दिया था। साथ ही यह भी खुलासा हुआ कि राजीव सहनी ने घटना में लाइनर की भूमिका निभाई थी।
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने दादनपुर निवासी राजीव सहनी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक पिस्तौल, एक मैगजीन, दो जिंदा गोली और एक मोबाइल बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजीव सहनी, पिता सुरेश सहनी, निवासी दादनपुर, थाना हलई, जिला समस्तीपुर के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में ताजपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा, सहायक अवर निरीक्षक विजय कुमार प्रसाद, बिहार एसटीएफ एवं ताजपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


