|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
समस्तीपुर | हर घर की आवाज़
दलसिंहसराय में व्यवसायी से रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने किया खुलासा, तीन गिरफ्तार
समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में एक व्यवसायी से रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गोला रोड वार्ड संख्या-12 निवासी व्यवसायी धर्मेंद्र कुमार ने 4 जुलाई 2026 को थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि 3 जुलाई की शाम करीब 6:45 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को समस्तीपुर, पटना और बेगूसराय में सक्रिय माफिया सिंडिकेट का सदस्य बताते हुए 48 घंटे के भीतर रंगदारी की रकम देने की धमकी दी। रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई।
आवेदन के आधार पर दलसिंहसराय थाना कांड संख्या-359/2026 दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान 7 जुलाई को बेगूसराय जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र से तीन आरोपियों—चंद्रकांत (22), विकास कुमार (23) एवं मो. महताब (33) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

