July 14, 2026
img_com_2026070818162449145091559301583411000
Spread the love

भूमि विवादों के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी की पहल जारी

समस्तीपुर | हर घर की आवाज़ | जिला संवाददाता: मोहम्मद जुबैर

समस्तीपुर सदर अनुमंडल कार्यालय में बुधवार को भूमि विवादों के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान को लेकर विशेष समीक्षा एवं सुनवाई का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने की।

सुनवाई के दौरान अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों से कुल 14 आवेदक अपने-अपने भूमि विवाद से जुड़े मामलों के साथ उपस्थित हुए। अनुमंडल पदाधिकारी ने प्रत्येक मामले की गंभीरतापूर्वक एवं क्रमवार सुनवाई करते हुए संबंधित पक्षों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुनवाई के उपरांत तीन मामलों का मौके पर ही सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया, जिससे संबंधित पक्षों को तत्काल राहत मिली। वहीं शेष मामलों में आवश्यक अभिलेखों एवं तथ्यों की विस्तृत जांच की आवश्यकता को देखते हुए अगली निर्धारित तिथि पर सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया।

अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवादों के निष्पादन में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को बिना अनावश्यक विलंब के न्याय मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल विवादों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि आपसी संवाद, प्रशासनिक समन्वय एवं विधिसम्मत प्रक्रिया के माध्यम से स्थायी समाधान सुनिश्चित करना भी है। इस पहल से भूमि विवादों के मामलों के शीघ्र समाधान की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *