August 28, 2026
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

बेगूसराय में राजद नेता मो. सिकंदर अली को गोली मारने की घटना, हालत नाजुक; समर्थकों में आक्रोश

बेगूसराय | हर घर की आवाज़ | विशेष संवाददाता साहिल अंसारी

बेगूसराय जिले में रविवार रात अपराधियों ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य मो. सिकंदर अली पर जानलेवा हमला कर दिया। फुलवरिया थाना क्षेत्र के सिंधिया चौक के समीप बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में उन्हें दो गोलियां कमर और कंधे के पास लगीं, जबकि तीन राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आ रही है।

घायल अवस्था में उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

घटना की खबर मिलते ही अस्पताल में समर्थकों, स्थानीय लोगों और परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार मो. सिकंदर अली रविवार रात घर से करीब 400 मीटर दूर सिंधिया चौक के पास कुछ सामान खरीदने और अपने भाई की मोबाइल दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी।

पुलिस के अनुसार घायल सिकंदर अली ने अस्पताल में कुछ संदिग्धों के नाम भी बताए हैं, जिनसे उनका पुराना विवाद बताया जा रहा है। अपराधियों के खिलाफ जीआरपी समेत विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज होने की भी चर्चा है।

घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार, मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मो. सिकंदर अली एक लोकप्रिय जननेता हैं, जिन्होंने हमेशा गरीबों, जरूरतमंदों और पीड़ितों की मदद की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है, जबकि पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *