|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
सम्मान समारोह के तीन दिन बाद ही सदर एसडीओ दिलीप कुमार का तबादला, कल्याणपुर के पूर्व बीडीओ देवेंद्र कुमार भी हुए स्थानांतरित
समस्तीपुर | हर घर की आवाज़ | जिला संवाददाता: मोहम्मद जुबैर
समस्तीपुर प्रशासन में हुए अचानक तबादलों ने जिले में चर्चा का विषय बना दिया है। कल्याणपुर प्रखंड के तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) देवेंद्र कुमार को विदाई समारोह में सम्मानित किए जाने के महज तीन दिन बाद ही समस्तीपुर सदर के अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार का भी तबादला कर दिया गया।
सोमवार को आयोजित समारोह में तत्कालीन सदर एसडीओ दिलीप कुमार ने बीडीओ देवेंद्र कुमार को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी थीं। इसके कुछ ही दिनों बाद राज्य सरकार ने दोनों अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया।
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र कुमार का स्थानांतरण सीतामढ़ी जिले के नानपुर प्रखंड में बीडीओ के पद पर हुआ है, जबकि सदर एसडीओ दिलीप कुमार का तबादला रोहतास कर दिया गया है। उनके स्थान पर राकेश कुमार ने समस्तीपुर सदर अनुमंडल पदाधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया है।
इन प्रशासनिक बदलावों को लेकर कल्याणपुर और समस्तीपुर में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों ने देवेंद्र कुमार के कार्यकाल की सराहना की, जबकि कुछ स्थानीय लोगों ने उनके कामकाज को लेकर असंतोष भी व्यक्त किया। वहीं, सदर एसडीओ दिलीप कुमार के तबादले से कई युवाओं और स्थानीय लोगों ने निराशा जताई और कहा कि उनके कार्यकाल में प्रशासनिक स्तर पर कई पहल देखने को मिली थीं।
अब लोगों की निगाहें नए सदर एसडीओ राकेश कुमार और कल्याणपुर के नए बीडीओ के कामकाज पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आने वाले समय में ही यह स्पष्ट होगा कि नए अधिकारी जनता की अपेक्षाओं पर कितना खरा उतरते हैं।

