|
Getting your Trinity Audio player ready...
|

समस्तीपुर के पांच प्रखंडों में नवस्थापित महाविद्यालयों का शुभारंभ, आज से शुरू हुई पढ़ाई
समस्तीपुर | हर घर की आवाज़ | जिला संवाददाता: मोहम्मद जुबैर
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल के तहत बुधवार (15 जुलाई 2026) को समस्तीपुर जिले के पांच प्रखंडों में नवस्थापित महाविद्यालयों का विधिवत शुभारंभ किया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन प्रखंडों में स्थापित नए महाविद्यालयों का उद्घाटन किया, जहां अब तक महाविद्यालय की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके साथ ही सभी नवस्थापित महाविद्यालयों में नियमित पठन-पाठन भी प्रारंभ हो गया।
समस्तीपुर जिले के खानपुर, कल्याणपुर, सिंघिया, विथान एवं विद्यापतिनगर प्रखंडों में स्थापित नए महाविद्यालयों का एक साथ उद्घाटन किया गया। इन संस्थानों के शुरू होने से हजारों विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इसी क्रम में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने विद्यापतिनगर स्थित नवस्थापित महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और इसके उपरांत फीता काटकर महाविद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। जिलाधिकारी ने महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रखंड स्तर पर महाविद्यालयों की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे उच्च शिक्षा तक पहुंच आसान होगी, नामांकन में वृद्धि होगी और क्षेत्र के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी दलसिंहसराय किशन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, महाविद्यालय के प्राचार्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बिहार सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
