August 28, 2026
img_com_2026072319372731224443793632511518927
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love


समस्तीपुर, 23 जुलाई। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आंतरिक संसाधन, राजस्व संग्रह, आपदा प्रबंधन तथा विभिन्न अवसंरचनात्मक विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति का आकलन करते हुए डीएम ने सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राजस्व संग्रह की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व संग्रह में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आपदा प्रबंधन की समीक्षा के दौरान डीएम ने संभावित बाढ़, जलजमाव एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी रखने, राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्माणाधीन भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों एवं अन्य विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यपालक एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कराने तथा नियमित स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
डीएम ने सभी विभागों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने, कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने तथा विभागीय समन्वय को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (आपदा), जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी डीसीएलआर, सभी अंचलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *