April 14, 2026
img-20260324-wa00197737330964607697626
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

समस्तीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोलीकांड का उद्भेदन, एक आरोपी गिरफ्तार
समस्तीपुर, 24 मार्च 2026:
समस्तीपुर पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड का सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम (SIT) द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 फरवरी 2026 को रात करीब 9:30 बजे नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में रोहित कुमार उर्फ अंटू ईश्वर पर जानलेवा हमला किया गया था। इस दौरान 5 नामजद एवं 5-7 अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें शुभम सिंह उर्फ ईशु गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 33/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (सदर-1) के नेतृत्व में SIT टीम का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने एहतेशाम आलम उर्फ लक्की खान, निवासी बहादुरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने बताया कि जमीन विवाद और पुरानी दुश्मनी के कारण साजिश रचकर इस घटना को अंजाम दिया गया था। आरोपी ने यह भी बताया कि अन्य अपराधियों को बाहर से बुलाया गया था तथा घटना से पहले उनके ठहरने और भागने की व्यवस्था की गई थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के दौरान गॉनी एवं भानु कुमार को भी गोली लगी थी। घटना के बाद आरोपी पटना की ओर भाग रहे थे, इसी दौरान गंगा सेतु के पास भानु कुमार की मौत हो गई। पुलिस चेकिंग के डर से आरोपी कार में ही शव छोड़कर फरार हो गए। बाद में वैशाली पुलिस द्वारा वाहन और शव बरामद किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर साक्ष्य जुटाए हैं। मौके से 5 खोखा और खून के सैंपल भी बरामद किए गए हैं।
फिलहाल, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी एवं घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संवाददाता: मोहम्मद जुबैर, समस्तीपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *