समस्तीपुर में दो युवकों की संदिग्ध मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका
समस्तीपुर | संवाददाता: मोहम्मद जुबैर
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर स्थानीय मीडिया में प्रसारित खबरों के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी पंकज सहनी (उम्र 22 वर्ष) और चकमेहसी थाना क्षेत्र के मटियारा गांव निवासी रामबालक कुमार (उम्र 22 वर्ष) आपस में गहरे दोस्त थे। दोनों युवक बाहर रहकर साथ में मजदूरी करते थे और करीब 15-20 दिन पहले ही अपने घर लौटे थे।
बताया जाता है कि रामबालक कुमार प्रतिदिन अपनी बाइक से हरिहरपुर स्थित पंकज के घर आता था और दोनों बांध के किनारे साथ समय बिताते थे। 3 अप्रैल 2026 की शाम को भी दोनों ने साथ में खाना खाया। इसी दौरान रात करीब 9:30 से 10:00 बजे के बीच दोनों को बांध किनारे बेहोशी की हालत में पाया गया।
परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा दोनों को इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। पंकज के परिजनों ने आशंका जताई है कि दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। पंकज के शव का सुबह ही दाह संस्कार कर दिया गया और परिजनों ने किसी प्रकार की शंका नहीं जताते हुए केस दर्ज कराने से इनकार किया।
वहीं, रामबालक कुमार के परिजनों द्वारा सूचना मिलने पर चकमेहसी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। रामबालक के पिता ने भी लिखित आवेदन देकर जहरीला पदार्थ खाने की बात कही है। इस संबंध में कल्याणपुर थाना में यूडी केस संख्या 05/2026 दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
