भारत किसी परिवार की बपौतीlनहीं, 140 करोड़ देशवासियों का लोकतांत्रिक गणराज्य है : डॉ. संतोष कुमार सुमन
कांग्रेस को राजनीतिक अहंकार और निराधार आरोपों की राजनीति छोड़नी चाहिए, विपक्ष की जिम्मेदारी विकास में सकारात्मक भूमिका निभाना भी है : मंत्री
पटना, 4 नवंबर 2026।
हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत किसी राजनीतिक दल, परिवार या खानदान की बपौती नहीं है, बल्कि यह संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और 140 करोड़ देशवासियों का लोकतांत्रिक गणराज्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह गलतफहमी दूर कर लेनी चाहिए कि देश की सत्ता और राजनीति पर उसका कोई पुश्तैनी अधिकार है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और राजनीतिक दल जनता के सेवक हैं।
डॉ. सुमन ने कहा कि जब जनता कांग्रेस को सत्ता सौंपती है तो वह जनादेश होता है, लेकिन जब किसी दूसरे दल को चुनती है तो उस फैसले पर सवाल उठाना कांग्रेस की दोहरी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस को व्यक्तिवाद, राजनीतिक अहंकार और निराधार आरोपों की राजनीति छोड़कर लोकतंत्र की मर्यादा का सम्मान करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को बार-बार कटघरे में खड़ा करने और जनता के फैसले को नकारने से राजनीतिक जवाबदेही से बचा नहीं जा सकता। विपक्ष की जिम्मेदारी केवल विरोध करना नहीं, बल्कि देश के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाना भी है।
मंत्री ने विपक्षी राजनीति में सक्रिय तेजस्वी यादव, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव और उद्धव ठाकरे जैसे नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन नेताओं को आत्ममंथन करना चाहिए कि उनकी राजनीति का सकारात्मक एजेंडा क्या है। डॉ. सुमन ने विपक्ष की मौजूदा राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि विपक्ष अपनी हार स्वीकार करने के बजाय बार-बार चुनावी प्रक्रिया और व्यवस्था पर सवाल उठाता है।
उन्होंने कहा कि देश को विकास का विकल्प चाहिए, न कि केवल सत्ता हासिल करने के उद्देश्य से एकजुट हुए राजनीतिक दलों का गठबंधन। जनता के फैसले को स्वीकार करने के बजाय व्यवस्था पर सवाल उठाने की प्रवृत्ति लोकतंत्र को कमजोर करती है। देश को राजनीतिक हताशा और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति के बजाय स्पष्ट नीति, विकास की दृष्टि और जवाबदेह विपक्ष की जरूरत है।
डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि भारत संविधान के अनुसार चलेगा, किसी परिवार की मर्जी से नहीं।
