August 28, 2026
img_com_2026072221070898736469659969339589531
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

समस्तीपुर : 10 हजार के इनामी कुख्यात गोपाल गड़ाए की तलाश तेज, कई ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी
समस्तीपुर : जिले के 10 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी गोपाल गड़ाए की गिरफ्तारी के लिए समस्तीपुर पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। जिला पुलिस, डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि गोपाल गड़ाए की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और उसके छिपने के संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह समस्तीपुर पुलिस ने जिले के तीन कुख्यात अपराधियों पर 25-25 हजार रुपये तथा एक अपराधी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। विशेष अभियान के तहत पुलिस ने तीन दिन पहले तीन इनामी अपराधियों गुलाब राय, मो. अहमद उर्फ बाबा और शशि रंजन ठाकुर उर्फ गोलू ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया था। इन तीनों की गिरफ्तारी प्रभात चौधरी और उसके सहयोगी सन्नी के चर्चित दोहरे हत्याकांड में हुई थी। अब पुलिस चौथे इनामी अपराधी गोपाल गड़ाए की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, गोपाल गड़ाए विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी संजय गड़ाए का पुत्र है। उसके खिलाफ समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय, विद्यापतिनगर, सरायरंजन सहित अन्य थाना क्षेत्रों के अलावा बेगूसराय के बछवाड़ा और जमुई जिले में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर लूट, रंगदारी, फायरिंग, शराब तस्करी समेत कई गंभीर अपराधों के आरोप हैं और कई मामलों में वह फरार चल रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 20 मई को उजियारपुर थाना क्षेत्र के देसुआ गाछी में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान उसके सहयोगी प्रिंस को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया था कि वह गोपाल गड़ाए के कहने पर लगातार लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोपाल गड़ाए की गिरफ्तारी के लिए सीमावर्ती जिलों की पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया गया है। आशंका है कि वह जिले से बाहर भी छिपा हो सकता है, इसलिए अन्य जिलों की पुलिस को भी सतर्क किया गया है। फिलहाल संयुक्त टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *