समस्तीपुर में MVI का बड़ा एक्शन: बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर चला शिकंजा
जिला परिवहन विभाग के विशेष अभियान में दर्जनों दोपहिया, चारपहिया, ऑटो और ई-रिक्शा जब्त, चालान काटे गए।
समस्तीपुर | हर घर की आवाज़
जिला संवाददाता: मोहम्मद जुबैर
समस्तीपुर जिले में गुरुवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) एवं मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) के निर्देश पर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बिना नंबर प्लेट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान दर्जनों मोटरसाइकिल, चारपहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा (टोटो) को जब्त किया गया। जब्त किए गए वाहनों को अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही शहर में वाहन चालकों के बीच हड़कंप मच गया और कई लोग जांच से बचने के लिए अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर मौके से निकल गए।
प्रशासन का कहना है कि यह अभियान सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाया गया है। लंबे समय से बिना नंबर प्लेट और बिना आवश्यक दस्तावेजों के वाहन चलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह विशेष अभियान शुरू किया गया।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक विभाग की ओर से यह नहीं बताया गया कि कुल कितने वाहनों का चालान काटा गया और कितनी राशि का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों का कहना है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अब देखने वाली बात होगी कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित रहता है या फिर लगातार अभियान चलाकर जिले में यातायात व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाया जाएगा।

