July 14, 2026
img_com_2026070222233271113101695683583275139
Spread the love

समस्तीपुर रेलवे स्टेशन की मैक्स पार्किंग में मनमानी वसूली का खुलासा, ₹10 की जगह ₹20–₹50 तक वसूले जा रहे पैसे

यात्री की शिकायत पर आरपीएफ ने की जांच, ठेकेदार पर कार्रवाई का भरोसा; यात्रियों से सतर्क रहने की अपील।

समस्तीपुर | हर घर की आवाज़ | जिला संवाददाता: मोहम्मद जुबैर
समस्तीपुर रेलवे स्टेशन स्थित मैक्स पार्किंग स्टैंड पर मनमाने ढंग से पार्किंग शुल्क वसूलने का मामला सामने आया है। एक वाहन मालिक से मात्र आधे घंटे की पार्किंग के लिए निर्धारित ₹10 के बजाय ₹20 वसूले जाने पर उसने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान यह सामने आया कि पार्किंग स्टैंड पर कई यात्रियों से निर्धारित शुल्क से अधिक, ₹30 से ₹50 तक की वसूली की जा रही है। इतना ही नहीं, अधिक पैसे देने से इनकार करने पर कुछ कर्मचारियों द्वारा यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायतें भी सामने आईं।
मामले की जांच कर रहे आरपीएफ अधिकारी पी.के. चौधरी ने बताया कि इस प्रकार की शिकायतें पहले भी सुनने में आती रही थीं, लेकिन किसी यात्री द्वारा लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण कार्रवाई नहीं हो पाती थी। इस बार आवेदन मिलने के बाद जांच में अनियमितता पाई गई है और दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि मांगी जाती है, तो वह बिना डर के इसकी शिकायत करें। उन्होंने कहा कि पार्किंग शुल्क रेलवे द्वारा तय किया गया है और आधे घंटे, एक घंटे तथा 12 घंटे के लिए अलग-अलग निर्धारित दरें लागू हैं। किसी भी यात्री से मनमाने तरीके से अधिक पैसा वसूलना नियमों के विरुद्ध है।
फिलहाल मामला रेलवे प्रशासन के संज्ञान में है। अब देखने वाली बात होगी कि इस मामले में केवल जांच तक कार्रवाई सीमित रहती है या फिर पार्किंग व्यवस्था में वास्तविक सुधार भी देखने को मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *