|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
चकमेहसी में बकरीद को लेकर फ्लैग मार्च, वार्ड संख्या-3 में 24 घंटे से बिजली गुल होने पर लोगों में नाराज़गी
समस्तीपुर/चकमेहसी, संवाददाता मोहम्मद जुबेर:
बकरीद पर्व को लेकर बुधवार को चकमेहसी थाना क्षेत्र में सदर-2 एसडीपीओ के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि 28 मई 2026 को बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
इधर दूसरी ओर चकमेहसी पंचायत के वार्ड संख्या-3 में पिछले लगभग 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप रहने से स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस इलाके में ईद की नमाज़ होनी है, वहीं बिजली नहीं रहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की समस्या भी गहरा गई है, जिससे लोगों में ग़म व गुस्से का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मुस्लिम समुदाय के त्योहारों के दौरान अक्सर ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार पंचायत समिति पति नज़रूल इस्लाम ने बिजली विभाग के एसडीओ से मोबाइल पर संपर्क कर मामले की जानकारी दी और जल्द लाइन बहाल करने की मांग की, लेकिन खबर लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
लोगों का कहना है कि यदि तकनीकी खराबी है तो विभाग को तुरंत सुधार कार्य करना चाहिए, लेकिन केवल वार्ड संख्या-3 में ही बिजली बाधित रहने से ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं बिजली विभाग के प्रति लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ईद से पहले बिजली आपूर्ति बहाल कर लोगों को राहत दी जाए ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा सके।

