August 28, 2026
Getting your Trinity Audio player ready...
Spread the love

समस्तीपुर पुलिस को बड़ी सफलता: प्रभात चौधरी हत्याकांड का खुलासा, ₹25-25 हजार के दो इनामी समेत तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार

समस्तीपुर/चकमेहसी:

मोहम्मद ज़ुबैर

समस्तीपुर पुलिस ने चकमेहसी थाना क्षेत्र के चर्चित प्रभात चौधरी हत्याकांड का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में ₹25-25 हजार के दो इनामी अपराधियों सहित तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में गुलाब राय, मो. अहमद उर्फ बाबा और शशि रंजन ठाकुर उर्फ गोलू ठाकुर शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है तथा कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार, 07 जुलाई 2026 को चकमेहसी थाना क्षेत्र के निमाचक हैदर निवासी प्रभात चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में चकमेहसी थाना कांड संख्या-126/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गुलाब राय एवं मो. अहमद उर्फ बाबा पर पहले से ₹25-25 हजार का इनाम घोषित था। दोनों आरोपी कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित रहे हैं और इनके विरुद्ध हत्या, आर्म्स एक्ट, लूट, रंगदारी, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने यह भी बताया कि इस हत्याकांड में नामजद एक अन्य आरोपी रमण कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलाब राय (निवासी- छेठ बखरी, थाना कल्याणपुर), मो. अहमद उर्फ बाबा (निवासी- चकमेहसी, जिला समस्तीपुर) तथा शशि रंजन ठाकुर उर्फ गोलू ठाकुर (निवासी- रेपुरा, थाना बैनी, जिला समस्तीपुर) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। इनके विरुद्ध समस्तीपुर सहित विभिन्न थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, लूट, डकैती, रंगदारी, शराबबंदी कानून और अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले दर्ज हैं।

इस पूरे अभियान को सफल बनाने में डीआईयू शाखा, चकमेहसी थाना पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों एवं साक्ष्यों की तलाश भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *