|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
समस्तीपुर : चकोटी मठ मंदिर चोरी कांड का खुलासा, भगवान की 6 मूर्तियां बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
समस्तीपुर/खानपुर : खानपुर थाना क्षेत्र स्थित महामंडलेश्वर 24 अवतार धाम चकोटी मठ के गर्भगृह से चोरी हुई भगवान की छह मूर्तियों सहित अन्य सामान को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा चोरी में प्रयुक्त एक एर्टिगा कार (BR01XY-8204) भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 की रात मंदिर से भगवान श्रीराम, जानकी, लक्ष्मण, हनुमान, रामलला और लड्डू गोपाल की मूर्तियां चोरी कर ली गई थीं। पुजारी राम सेवक दास शास्त्री के आवेदन पर खानपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नंदकिशोर महतो, छोटू कुमार और गुड्डू कुमार को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने समस्तीपुर और दरभंगा जिले के कई मंदिरों में चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने उनके पास से छह मूर्तियां, दानपात्र में रखे 400 रुपये, पूजा सामग्री, पीतल की घंटियां, बर्तन तथा अन्य चोरी का सामान भी बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व से भी चोरी, डकैती और आर्म्स एक्ट के मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

