|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से भेजी पेंशन राशि, समस्तीपुर के 4.08 लाख लाभुकों को मिला लाभ
संवाददाता : मोहम्मद जुबैर
समस्तीपुर, 10 जून 2026
बिहार के मुख्यमंत्री ने बुधवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत राज्यभर के लाभुकों को मई 2026 माह की पेंशन राशि का डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से हस्तांतरण किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला स्तर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया, जिसमें समस्तीपुर जिला प्रशासन के अधिकारी भी शामिल हुए।
समस्तीपुर जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की छह विभिन्न योजनाओं के कुल 4,08,414 लाभुकों के बैंक खातों में ₹47 करोड़ 15 लाख 58 हजार 900 की राशि भेजी गई। इनमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 77,829, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 2,02,364, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 24,636, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 37,891, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 2,971 तथा बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 62,723 लाभुक शामिल हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा सभी लाभुकों को ₹1100 प्रति माह की दर से पेंशन राशि हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी समस्तीपुर ने सभी पेंशनधारियों को बधाई देते हुए कहा कि जिन लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है, वे शीघ्र अपना जीवन प्रमाणीकरण करवा लें ताकि पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय प्रशाखा के अधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जिला नजारत उप समाहर्ता तथा सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

