|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
समस्तीपुर :
समस्तीपुर/विभूतिपुर : समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंधिया घाट बाजार में वारंटी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची खानपुर थाना पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस घटना में एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई, जबकि पुलिस वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर खानपुर थाना की टीम एक वारंटी एवं कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी के लिए सिंधिया घाट बाजार पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चंदन चौधरी नामक युवक को हिरासत में लिया। इसी बीच सादे लिबास में मौजूद पुलिसकर्मियों को कुछ ग्रामीणों ने अपराधी समझ लिया। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया।
अचानक हुए पथराव में एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई, जबकि पुलिस वाहन के शीशे टूट गए। घटना के बाद पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं पथराव में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस संबंध में खानपुर थानाध्यक्ष शिव पूजन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम विधिसम्मत कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची थी, लेकिन गलतफहमी के कारण यह घटना हुई। वहीं रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सिंधिया घाट बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
