image_editor_output_image-727159827-1793810539682
Spread the love

पुराने फलदार बागानों का होगा कायाकल्प, किसानों को मिलेगा 40 प्रतिशत अनुदान

आम और लीची के बागानों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए कृषि विभाग की पहल, शाखाओं की कटाई और पोषक तत्व प्रबंधन पर मिलेगी सहायता

पटना, 3 नवंबर 2026।

बिहार में पुराने एवं कम उत्पादकता वाले फलदार बागानों को फिर से विकसित करने के लिए कृषि विभाग विशेष पहल कर रहा है। इसके तहत किसानों को पुराने बागानों के जीर्णोद्धार और उत्पादकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यों पर 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। यह योजना कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय की ओर से एकीकृत बागवानी विकास योजना के तहत संचालित की जाएगी।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य आम और लीची जैसे पुराने फलदार पेड़ों को वैज्ञानिक तरीके से विकसित करना और उनकी उत्पादन क्षमता को बढ़ाना है। इसके लिए सूखी एवं अनुपयोगी शाखाओं की कटाई, छत्र प्रबंधन तथा संतुलित पोषक तत्वों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।

कृषि मंत्री ने कहा कि पुराने फलदार बागानों का उचित देखभाल और वैज्ञानिक प्रबंधन जरूरी है। शाखाओं की सही समय पर कटाई और पेड़ों के छत्र प्रबंधन से उनकी उत्पादक क्षमता को दोबारा बेहतर बनाया जा सकता है। इससे किसानों को पुराने बागानों से भी अच्छा उत्पादन मिलेगा और उनकी आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत पुराने फलदार पेड़ों की सूखी एवं अनुपयोगी शाखाओं की कटाई और छत्र प्रबंधन के लिए प्रति इकाई 10 हजार रुपये की निर्धारित लागत पर 40 प्रतिशत यानी 4 हजार रुपये अनुदान दिया जाएगा। वहीं, पोषक तत्व प्रबंधन के लिए प्रति इकाई 40 हजार रुपये की निर्धारित लागत पर 16 हजार रुपये की सहायता मिलेगी।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में यह योजना बिहार के 19 लक्षित जिलों में लागू की जाएगी। इनमें बांका, भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, दरभंगा, कटिहार, खगड़िया, मधुबनी, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, पटना, पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, सुपौल और वैशाली शामिल हैं।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि किसानों के पुराने फलदार बागान फिर से उत्पादक बनें और उन्हें अपनी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिले। वैज्ञानिक प्रबंधन से बागानों की सेहत में सुधार होगा, फल उत्पादन बढ़ेगा और राज्य में बागवानी क्षेत्र को नई गति मिलेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *