|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
“दोगुना रोजगार – दोगुनी आय” समिति ने समस्तीपुर में कृषि नवाचारों का किया अवलोकन
मोहम्मद जुबैर
समस्तीपुर, 27 मई 2026 : “दोगुना रोजगार – दोगुनी आय” के उद्देश्य से गठित उच्च स्तरीय समिति का दो दिवसीय समस्तीपुर दौरा सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी नवीन कुमार एवं सदस्य प्रोफेसर टी.सी. अनंत ने जिले में कृषि, उद्यानिकी, डेयरी एवं ग्रामीण आजीविका से जुड़े विभिन्न नवाचारों का निरीक्षण किया।
दौरे के पहले दिन समिति ने हसनपुर प्रखंड के नयानगर क्षेत्र का भ्रमण किया, जहां प्रगतिशील किसान सुधांशु सिंह ने अपने फार्म पर टीम का स्वागत किया। इस दौरान आधुनिक कृषि तकनीकों, हॉर्टीकल्चर एवं उन्नत खेती की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।
समिति ने केला, अमरूद, आम, नींबू, जामुन और लीची के उन्नत बागानों का निरीक्षण किया। साथ ही आधुनिक खेती में इस्तेमाल की जा रही तकनीकों और प्रदर्शन प्लॉट का भी अवलोकन किया गया। टीम ने केला पकाने की इकाई का भी निरीक्षण किया, जहां वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण और विपणन की प्रक्रिया की जानकारी ली गई।
इसके बाद समिति ने मिथिला मिल्क डेयरी का दौरा कर दुग्ध उत्पादन एवं डेयरी प्रबंधन की गतिविधियों का जायजा लिया। वहीं डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में कृषि आधारित रोजगार, किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि प्रणाली और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में समिति ने पूसा कृषि विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण किया और इसके बाद पटना के लिए रवाना हो गई।
इस पूरे कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा, जिला परियोजना प्रबंधक विक्रांत शंकर सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार, जीविका कैडर, कृषि सखी, पशु सखी एवं अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समिति ने समस्तीपुर जिले में कृषि, डेयरी, उद्यानिकी एवं ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की सराहना करते हुए इसे किसानों की आय वृद्धि और ग्रामीण विकास की दिशा में प्रेरणादायक पहल बताया।

